जींद : छात्रों को चाकू मार घायल करने के दो आरोपित गिरफ्तार
जींद, 16 मार्च (हि.स.)। उचाना थाना पुलिस ने चाकू मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
थाना उचाना के प्रभारी उप निरीक्षक दिलबाग सिंह ने सोमवार को बताया कि गत दस फरवरी को गांव पालवा निवासी पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने दोस्त सुमित के साथ पालवा के पुराने बस अड्डे के सामने खड़ा था। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां आए और उनमें से एक युवक ने उसके दोस्त सुमित पर चाकू से हमला कर दिया और जब वह बीचबचाव करने की कोशिश करने लगा तो उस पर भी चाकू से वार किया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए । मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उचाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस चौकी उचाना के इंचार्ज उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने आरोपी गांव बडौदा निवासी कुलदीप तथा जगजीत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपितों ने खुलासा किया कि जनवरी माह में उचाना मंडी में आयोजित ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता के दौरान उनकी पवन व सुमित के साथ कहासुनी हो गई थी। उसी रंजिश के चलते उन्होंने मौका पाकर दोनों पर हमला किया। आरोपितों ने बताया कि वारदात के बाद वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए और हथियार व मोटरसाइकिल को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

