शहडोल : बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हुए पिता ने पांचवें दिन ट्रेन के सामने आकर दी जान
शहडोल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना अंतर्गत ग्राम कोठिया में 2 अक्टूबर को बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद फरार 55 वर्षीय नंदकुमार सिंह गोंड का शव मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस पांच दिनों से आरोपी की तलाश में जंगलों में सर्चिंग कर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोठिया में दो अक्टूबर को नंदकुमार सिंह गोंड का अपने बेटे सिंघरराज सिंह गोंड से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर नंदकुमार ने बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सिंघराज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागकर आसपास के घने जंगलों में छिप गया था।
मंगलवार की सुबह पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन के सामने आने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व रेलवे कर्मचारियों की मदद से शव की पहचान कराई। मृतक की पहचान बेटे की हत्या के आरोपी नंदकुमार सिंह गोंड के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नंदकुमार ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के पास हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी मिलने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद आरोपी का एक ऑडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि जंगल में छिपे नंदकुमार ने अपने भांजे को फोन कर कहा था कि उसने यह हत्या कैसे कर दी, उसे खुद समझ नहीं आ रहा और उसे घटना का काफी अफसोस है। बातचीत के बाद उसने फोन बंद कर लिया था। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।
मनीष शुक्ला
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

