home page

कोर्ट मैरिज के बाद परिजनाें के साथ हाे लिया पति, महिला ने ससुरालियों पर फ्लैट कब्जाने का लगाया आरोप

 | 
कोर्ट मैरिज के बाद परिजनाें के साथ हाे लिया पति, महिला ने ससुरालियों पर फ्लैट कब्जाने का लगाया आरोप


कानपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। काकादेव थाना क्षेत्र की विजय नगर कॉलोनी निवासी शिवानी यादव ने मोहित पांडेय और उसके परिजनों पर मारपीट, सामान कब्जाने और फ्लैट पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। महिला ने गुरुवार काे पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

शिवानी के अनुसार, मोहित ने उसे महावीर नगर स्थित ईडब्ल्यूएस पीएम आवास योजना का फ्लैट दिलवाया था। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। महिला का आरोप है कि मोहित ने उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया। शादी के लिए दबाव बनाने पर दोनों ने न्यायालय में कोर्ट मैरिज कर ली।

आरोप है कि इसके बाद मोहित, उसकी मां शोभा पांडेय, बहन स्नेहा पांडेय और पिता राजकुमार पांडेय फ्लैट पर पहुंचे। सभी ने उसके साथ मारपीट की और फ्लैट पर कब्जा कर लिया। महिला का आरोप है कि फ्लैट में रखे सोने के आभूषण, चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र और करीब 55 हजार रुपये भी कब्जे में ले लिए गए। विरोध करने पर उसे धमकी दी गई।

शिवानी ने बताया कि उसका पूर्व पति भीम यादव से करीब चार साल पहले रिश्ता खत्म हो चुका है। वह अपने तीन वर्षीय बेटे की परवरिश के लिए पैसे जमा कर फ्लैट लेकर रह रही थी। उसने पुलिस से जांच कर मुकदमा दर्ज करने, फ्लैट और सामान वापस दिलाने की मांग की है। महिला के मुताबिक, अधिकारियों ने प्रार्थना पत्र लेकर उसे पनकी थाने जाने को कहा है। पुलिस आयुक्त कार्यालय के स्टाॅफ ऑफीसर ने कहा कि संबंधित थाना काे मामले से अवगत करा दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप