home page

जींद : पति ने पत्नियों पर किया कुल्हाड़ी से हमला, एक की मौत, दूसरी गंभीर

 | 
जींद : पति ने पत्नियों पर किया कुल्हाड़ी से हमला, एक की मौत, दूसरी गंभीर


जींद, 18 मार्च (हि.स.)। सफीदों खंड के गांव बागडू कलां में एक व्यक्ति ने अपनी दो पत्नियों पर कुल्हाड़ी से वार कर एक की हत्या कर दी जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वारदात को अंजाम दे आरोपित मौके से फरार हो गया। घायल महिला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि गांव बागडू कलां निवासी सुरेश ने बुधवार काे अपनी दोनों पत्नियों पर तेज धारदार हथियार से हमला किया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जहां सुरेश की पहली पत्नी मृत अवस्था में मिली और दूसरी पत्नी गंभीर रूप से घायल थी। सफीदों थाना पुलिस ने तुरंत प्रभाव से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायल महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया है। हालांकि पुलिस ने घायल महिला से पूछताछ करने का प्रयास किया लेकिन उसकी गंभीर स्थिति के कारण वह कुछ भी बोल पाने में असमर्थ थी। घटना के बाद से आरोपित सुरेश मौके से फरार हो गया।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपित सुरेश दूसरी पत्नी को दो मार्च को ही माला पहना कर घर लाया था। बताया जा रहा है कि पहली पत्नी को बच्चे न होने के कारण सुरेश ने दूसरी शादी की थी। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि वह मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्यों को जुटाया है। एफएसएसल और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम मौके से साक्ष्यों को जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि सुरेश की गिरफ्तारी के बाद या फिर घायल महिला जब बयान देने की हालत में होगी, तभी इस मामले में कुछ पता चल पाएगा। बुधवार को जानकारी देते हुए सदर थाना सफीदों के जांच अधिकारी दिलबाग ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपित पति के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा