फसल कटाई विवाद में मारपीट व फायरिंग, तीन पर केस दर्ज
सुलतानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के मलवा गांव में फसल कटाई को लेकर दो पक्षों के बीच बीती रात सोमवार को हिंसक विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर डाली। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश कुंज रही है।
मोतिगरपुर अंतर्गत गांव मलवा में गोली चलने की सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और जांच की। मामले में पता चला कि रमाकांत यादव और मोहित यादव के बीच खेती की कटाई को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान रमाकांत यादव की ओर से उसके दोस्त आदर्श पांडे और आदित्य सिंह वहां पहुंच गए। इन तीनों ने मिलकर मोहित यादव पक्ष के साथ मारपीट की और अवैध असलहे से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित मोहित यादव की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपितों रमाकांत यादव, आदर्श पांडे और आदित्य सिंह के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने मंगलवार को बताया कि उक्त मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

