home page

जबलपुर में खाकी और काले कोट में टकराव, देर रात से सुबह 6 बजे तक चला थाने में वकीलों का विरोध

 | 
जबलपुर में खाकी और काले कोट में टकराव, देर रात से सुबह 6 बजे तक चला थाने में वकीलों का विरोध


जबलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में खाकी और काले कोट के बीच टकराव का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात कैंट थाना उस समय हंगामे का केंद्र बन गया, जब बड़ी संख्या में आक्रोशित अधिवक्ताओं ने थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारियों सहित कई थानों का बल कैंट थाने पहुंच गया। देर रात से चली जद्दोजहद के बाद आखिरकार सुबह पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली।

मामले में आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने एक अधिवक्ता की कार रोककर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में अधिवक्ता घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही साथी वकीलों में आक्रोश फैल गया और वे घायल अधिवक्ता को लेकर सीधे कैंट थाने पहुंच गए। विवाद बढ़ने पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा सहित सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर सहित कई पदाधिकारी भी थाने पहुंचे। अधिवक्ताओं की मांग थी कि मारपीट के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

वकीलों का आरोप है कि कई घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की और उन्हें सुनवाई के लिए इंतजार करना पड़ा। इससे अधिवक्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। लेकिन आंदोलन और प्रदर्शन की चेतावनी के बाद रविवार सुबह एफआईआर दर्ज कर ली गयी। इस प्रदर्शन में कार्यकारिणी सदस्य आशीष पांडेय, विनोद विश्वकर्मा, मनोज शिवहरे, गोविंद विश्वकर्मा, आदित्य सिंह ठाकुर, श्वेत सोनी, आदित्य कनौजिया, सुरेश कुशवाहा, शक्ति राज यादव, राहुल सतनामी, बप्पी पटैल, सचिन वर्मा , विपिन विश्वकर्मा, विवेक विश्वकर्मा, सचिन व्यास, मोहित अग्रवाल, राजकुमार यादव, आयुष शिवहरे, शुभम कोरी सहित अन्य अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे।

जबलपुर में हुए इस घटनाक्रम ने पुलिस की संवेदनशीलता पर प्रश्न चिन्ह लगाने के साथ पुलिस और अधिवक्ता समुदाय के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक