home page

बागपत में 200 किलो मिलावटी घी जब्त, मिड-डे मील किचन से भी नमूने लिए

 | 
बागपत में 200 किलो मिलावटी घी जब्त, मिड-डे मील किचन से भी नमूने लिए


बागपत, 28 जुलाई (हि.स.)। बागपत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और बड़ौत पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 किलो मिलावटी घी जब्त किया। जब्त घी की कीमत करीब 1.30 लाख रुपये आंकी गई है। टीम ने मिड-डे मील सप्लायर की सेंट्रल किचन से भी तीन नमूने संग्रहीत किए हैं।

कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ और जिलाधिकारी बागपत के निर्देश पर की गई। टीम ने छपरौली चुंगी, बड़ौत के पास हरियाणा नंबर की इको कार को रोककर जांच की। वाहन में सवार तीन लोग मुजफ्फरनगर के शाहपुर से सोनीपत के लिए घी ले जा रहे थे। जांच के दौरान पांच ड्रम में भरा 200 किलो घी संदिग्ध पाया गया, जिस पर मिलावट की आशंका में विधिक नमूना लेकर पूरा माल जब्त कर लिया गया।

इसके अलावा अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित ग्रामीण विकास सेवा संस्थान की सेंट्रल किचन से आटा, दाल और चावल के नमूने लिए गए। यह किचन विभिन्न स्कूलों के लिए मिड-डे मील तैयार करता है। सहायक आयुक्त (खाद्य) डीपी सिंह का कहना है कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी