home page

नशे के कारोबार पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 14 गिरफ्तार

 | 
नशे के कारोबार पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 14 गिरफ्तार


आसनसोल, 05 नवंबर (हि. स.)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के तहत अब तक 12 मामले दर्ज किए गए हैं और 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ हथियार, कारतूस, सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद की है। नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए आठ बैंक खातों को फ्रीज किया गया है, जिनमें करीब 31 लाख रुपये जमा थे।

गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की पुलिस उपायुक्त सना अख्तर ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें कमिश्नरेट के सभी थानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया है। अब तक 12 मामले दर्ज कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान एनटीएस थाना क्षेत्र में दर्ज एक महत्वपूर्ण मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से फेंटानिल की 285 बोतलें और अल्प्राजोलम की दो लाख 40 हजार टैबलेट जब्त की गई हैं। इसके अलावा बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान में ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 27.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि 19 अक्टूबर को चलाए गए एक अन्य विशेष अभियान में ब्राउन शुगर के बड़े सप्लायर अरशद हाशमी उर्फ पिंटू और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 300 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन आग्नेयास्त्र, दो खाली कारतूस, 46 जिंदा कारतूस, सोने के कुछ आभूषण और पांच लाख 35 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे।

उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध धन के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने आरोपितों के आठ बैंक खातों को भी फ्रीज किया है। इन खातों में कुल करीब 31 लाख रुपये जमा थे। इस मामले में जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

सना अख्तर ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस कमिश्नरेट के सभी थानों की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों, विभिन्न संगठनों और संबंधित विभागों का सहयोग भी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर विभिन्न विभागों और संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा रहा है। लोगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का लक्ष्य नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचकर इससे जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा