साइबर ठगी के खिलाफ एडीपीसी का बड़ा अभियान
पश्चिम बर्दवान, 19 सितंबर (हि.स.)।
साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस ने बराकर के दासपाड़ा इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर घर-घर जाकर तलाशी ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।
बताया जा रहा है कि यह अभियान नियामतपुर-मोचीपाड़ा इलाके में कथित साइबर अपराध नेटवर्क के खिलाफ चल रही जांच का हिस्सा है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर डिटेक्टिव डिपार्टमेंट और साइबर सेल की टीमें शिल्पांचल के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई कर रही हैं। जांच का फोकस मोचीपाड़ा से जुड़े कथित साइबर नेटवर्क की कड़ियों तक पहुंचने पर है।
जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है। रिपोर्ट के मुताबिक, नियामतपुर की प्रिया कॉलोनी निवासी सुबोध दीप बनर्जी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वहीं लच्छीपुर के लालबत्ती इलाके में कार्रवाई के दौरान एक युवक को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की है।
पुलिस तकनीकी जांच के जरिए पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। इसके लिए मोबाइल ट्रैकिंग, बैंक लेनदेन और अन्य तकनीकी माध्यमों से संदिग्ध गतिविधियों और आपसी कड़ियों की जांच की जा रही है।
वहीं, बराकर के दासपाड़ा में शनिवार को हुई तलाशी के दौरान पुलिस को क्या-क्या बरामद हुआ और कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही कार्रवाई और बरामदगी की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

