home page

आसनसोल में 600 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
आसनसोल में 600 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


पश्चिम बर्दवान, 31 अगस्त (हि. स.)। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 30 अगस्त की रात डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को गुप्त सूचना मिली थी कि आसनसोल इलाके में एक कार के जरिए भारी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है।

सूचना के आधार पर डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) की विशेष टीम ने आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के लालगंज-जुबिली रोड स्थित राय मैदान के पास नाकाबंदी और निगरानी शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध मारुति सुजुकी अर्टिगा कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 600 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार और कुछ जरूरी दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा