home page

बंगाल-झारखंड सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार

 | 
बंगाल-झारखंड सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार


पश्चिम बर्दवान, 19 अगस्त (हि. स.)। अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की सालानपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बंगाल-झारखंड सीमा से सटे धानगुड़ी काशी डांगा इलाके में कार्रवाई करते हुए 510 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ का अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये बताया गया है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप वैन भी जब्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सालानपुर थाना के इंस्पेक्टर इंचार्ज विश्वजीत मंडल के नेतृत्व में तथा रूपनारायणपुर फांड़ी के इंचार्ज सुमंगल सरकार की सक्रियता से विशेष टीम गठित की गई थी। टीम बुधवार सुबह से बंगाल-झारखंड सीमा क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। दोपहर करीब 12 बजे धानगुड़ी मोड़ के पास पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वैन में सिगरेट के कई कार्टन मिले। पुलिस के मुताबिक, कार्टन के अंदर विशेष तरीके से छिपाकर रखे गए ब्राउन शुगर के पैकेट बरामद हुए। जांच के बाद कुल 510 ग्राम ब्राउन शुगर मिलने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने वाहन में सवार दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर सालानपुर थाने लाया। पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

बंगाल-झारखंड सीमा पर हुई इस कार्रवाई को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ हालिया बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा