home page

संदिग्ध हालात में युवती की मौत, बिना पुलिस को सूचना दिए युवती का अंतिम संस्कार करने पहुंचे परिजन

 | 

नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के आदर्श नगर इलाके में एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला उस समय सामने आया, जब परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने के लिए केवल पार्क श्मशान घाट पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में युवती द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को आदर्श नगर थाने में पीसीआर कॉल मिली थी कि केवल पार्क श्मशान घाट में एक युवती का शव अंतिम संस्कार के लिए लाया गया है, लेकिन मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में मृतका की पहचान 20 वर्षीय अंशिका पांडे के रूप में हुई, जो आजादपुर के लाल बाग इलाके में रहती थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान परिजनों ने जानकारी दी कि युवती ने कथित रूप से घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार के लोग कानूनी प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने के कारण शव को सीधे श्मशान घाट ले आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बीजेआरएम अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। इसके साथ ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती ने आत्महत्या जैसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। वहीं स्थानीय निवासी राकेश के अनुसार मृतका ने इसी साल नीट की परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के बाद से वह तनाव में थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी