home page

मोबाइल विवाद में पति-पत्नी को मारा चाकू, महिला की मौत

 | 
मोबाइल विवाद में पति-पत्नी को मारा चाकू, महिला की मौत


नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। इस घटना में एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। जिसकी तलाश में दिल्ली पुलिस की कई टीमें जगह जगह दबिश दे रही हैं।

उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने सोमवार को बताया कि 19 अप्रैल की रात करीब 9:01 बजे आजादपुर स्थित टीपीटी सेंटर झुग्गी, रेलवे ट्रैक के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मौके पर आशु नामक युवक घायल अवस्था में मिला। जिसे तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया। वहीं, घटनास्थल पर उसकी पत्नी राखी भी गंभीर रूप से घायल मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित परिवार और आरोपित एक-दूसरे को पहले से जानते थे। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय युवकों ने पीड़ित के बेटे का मोबाइल फोन छीन लिया था। जब आशु और उसकी पत्नी राखी ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान आरोप है कि दो युवकों ने चाकू निकालकर आशु और उसकी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायल आशु का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपितों की पहचान रितिक, कुनाल और अरबाज के रूप में की है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी