लोन दिलाने के नाम पर 45 लाख रुपए की ठगी का आरोपित गिरफ्तार, गया जेल
मुरादाबाद, 28 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के थाना बिलारी कोतवाली पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर 45 लाख रुपए की ठगी करने वाले एक आरोपित को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से पुलिस ने जेल भेज दिया।
थाना सोनकपुर क्षेत्र के गांव हसनपुर रूप निवासी समरपाल सिंह पुत्र तेजपाल सिंह ने थाना बिलारी कोतवाली में सोनकपुर के गांव उमरारा के प्रकाश पुत्र खेमकरण के अलावा बिलारी थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर गनेश के केदार सिंह पुत्र रामकुमार, ढाकिया नरू के अखिलेश कुमार पुत्र रामसेवक, चंदौसी तहसील के गांव भुलावई के दिनेश कुमार पत्र सुखलाल के विरुद्ध थाना सोनक में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें कहा था कि उक्त लोगों से उनके रिश्तेदार विजेंद्र और विकास कुमार ने मिलवाया था। उन्होंने फर्जी व जाली दस्तावेज से 45 लाख रुपए की ठगी कर ली और लोन दिलाने के बाद पैसा अपने अकाउंट में ट्रांसफर कर लिया। वहीं फर्जी तरीके से एक मकान का बैनामा भी करा दिया था।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में अब एक नया आरोपित हीरा सिंह उर्फ बंटी पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी कृष्ण धाम कॉलोनी कस्बा बिलारी विवेचना में सामने आया। जिसे पुलिस ने आज गिरफ्तार किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

