home page

लेनदेन के विवाद में युवक को सड़क पर गिराकर पीटा, आरोपित हिरासत में

 | 
लेनदेन के विवाद में युवक को सड़क पर गिराकर पीटा, आरोपित हिरासत में


कानपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के चकेरी के लाल बंगला में एक युवक को सड़क पर गिराकर लातों से पीटने का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर गिरे युवक के सिर पर लगातार लातें मारता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कराई।

वायरल वीडियो लाल बंगला स्थित बृजवासी स्वीट हाउस के सामने का बताया गया। इसमें युवक को पीटने के दौरान आसपास कुछ लोग भी दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि हमलावर ने कुछ ही सेकंड में युवक के सिर पर कई लातें मारीं। सड़क पर गिरे युवक की हालत देखकर भी वहां मौजूद लोग बीच-बचाव करते नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो वायरल होने से पहले घटना को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई थी।

सहायक पुलिस आयुक्त छावनी डॉ. प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि 28 अक्टूबर को पैसे गिरने को लेकर दो व्यक्तियों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट हुई। जांच में सामने आया कि काजीखेड़ा निवासी रोहित वाल्मीकि का शिवकटरा निवासी दिनेश शर्मा से पैसों को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद रोहित ने दिनेश के साथ मारपीट की।

शुरुआती जानकारी में दोनों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। एक पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संबंधित व्यक्ति पुलिस हिरासत में हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप