home page

बागपत में रिश्वतखोरी के आरोप में डीएसओ और आरएफओ जेल भेजे गए

 | 
बागपत में रिश्वतखोरी के आरोप में डीएसओ और आरएफओ जेल भेजे गए


बागपत, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) अनूप तिवारी और क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी (आरएफओ) जोगेंद्र सिंह को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने दोनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।

बुढ़सैनी गांव के कोटेदार नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि खाद्यान्न वितरण से संबंधित कार्यों के नाम पर उनसे लगातार कमीशन की मांग की जा रही थी। शिकायत में कहा गया कि मांग पूरी न करने पर सस्ते गल्ले की दुकान निरस्त करने की धमकी भी दी जाती थी। आरोप है कि डीएसओ अनूप तिवारी और आरएफओ जोगेंद्र सिंह पिछले कई महीनों से कमीशन की मांग कर रहे थे। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। मामले में शुक्रवार को कार्यालय में 40 हजार रुपये डीएसओ और 10 हजार रुपये आरएफओ को दिए गए। इसी दौरान विजिलेंस टीम ने डीएसओ को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। जबकि आरएफओ मौके से फरार हो गया था, जिसको बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस की कार्रवाई के बाद दोनों अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी