डीएसटी-पारसोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिछोर में 1900 लीटर ज्वलनशील पदार्थ जब्त
चित्तौड़गढ़, 25 जून (हि.स.)। जिला विशेष टीम (डीएसटी) और पारसोली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर बिछोर क्षेत्र से 1900 लीटर अवैध ज्वलनशील पदार्थ जब्त किया है। थाना क्षेत्र में करनी रिसॉर्ट के सामने गोपाल लखारा की और से किया गया यह भंडारण मानव जीवन और आसपास के क्षेत्र के लिए गंभीर खतरा बना हुआ था।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर डीएसटी प्रभारी जोधाराम के निर्देशन में एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। एएसआई सूरज को मुखबिर से सूचना मिली कि बिछोर निवासी गोपाल लखारा पुत्र मांगीलाल लखारा ने करनी रिसॉर्ट के सामने अवैध ज्वलनशील पदार्थ का भंडारण कर रखा है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। थानाधिकारी ठाकराराम मय टीम और रसद विभाग चित्तौड़गढ़ को भी बुलाया गया। रसद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 1900 लीटर अवैध ज्वलनशील पदार्थ जब्त किया। थाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं धारा 287 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि जिले में जन सुरक्षा को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों और मानव जीवन के लिए खतरा उत्पन्न करने वाले अवैध भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह का भंडारण आमजन के जीवन एवं संपत्ति के लिए भी गंभीर खतरा है। मौके पर कार्यवाही में डीएसटी टीम में एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, जगदीश, अशोक, वीरेंद्र, रामकेश और सुरेश सुंडा शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

