एएनटीएफ की तीन बड़ी कार्रवाई: 1.31 किलो अफीम और 23.47 किलो डोडाचूरा जब्त, 5 गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 21 मई (हि.स.)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने चित्तौड़गढ़ और जोधपुर में तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 1 किलो 315 ग्राम अफीम और 23 किलो 477 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई इन कार्रवाइयों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दो कार्यवाही चित्तौड़गढ़ तो एक कार्यवाही जोधपुर जिले में हुई है।
एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई जारी है। टीम को सूचना मिली कि रोलाहेड़ा क्षेत्र में भीलवाड़ा सर्विस लाइन पर एक व्यक्ति के पास अवैध मादक पदार्थ है। मौके पर पहुंची टीम ने हनुमानराम (32) पुत्र पदमाराम नाई निवासी ढाका का गोलिया, थाना धोरीमन्ना, जिला बालोतरा को पकड़ा। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके बैग से 810 ग्राम अफीम मिली। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
स्लीपर बस में 505 ग्राम अफीम बरामद
टीम ने चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा हाईवे पर नरपत की खेड़ी पुलिया स्थित यात्री प्रतिक्षालय के पास अशोक ट्रेवल्स की स्लीपर बस की चेकिंग की। बस में सवार राकेश गावडिया (22) पुत्र परसाराम जाट निवासी मिंडकिया, थाना मकराना, जिला कुचामन डीडवाना और देवाराम (27) पुत्र जगदीश गुर्जर निवासी गाजु, थाना कुचेरा, जिला नागौर के कब्जे से 505 ग्राम अवैध अफीम मिली। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जोधपुर में पशु चारे के नीचे छुपाया 23.47 किलो डोडा चूरा
एएनटीएफ ने जाटीपुरा, थाना ओसियां, जिला जोधपुर निवासी घेवरराम (42) पुत्र देवाराम जाट के मकान पर दबिश दी। यहां पशु चारे के नीचे छुपाया गया 23 किलो 477 ग्राम डोडा चूरा मिला। पूछताछ में घेवरराम ने बताया कि यह डोडा चूरा पांचाराम (32) पुत्र शंकरराम विश्नोई निवासी विष्णुनगर, खेतासर, थाना ओसियां से लाया था। इस पर पांचाराम को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी प्रकरणों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

