home page

चित्तौड़गढ़ में 2498 किलो डोडा चूरा और कंटेनर ट्रक जब्त

 | 
चित्तौड़गढ़ में 2498 किलो डोडा चूरा और कंटेनर ट्रक जब्त


चित्तौड़गढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो राजस्थान यूनिट ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ जिले में 2498.960 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा और एक कंटेनर ट्रक जब्त किया है। नारकोटिक्स फरार आरोपिताें की तलाश में जुटी हुई है। कंटेनर को रोकने के लिए नारकोटिक्स को एक राउंड फायर भी करना पड़ा।

उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल ने बताया कि ब्यूरो कोटा के अधिकारियों को विशिष्ट गुप्त सूचना मिली थी कि राजस्थान पंजीयन संख्या वाला एक कंटेनर ट्रक भदेसर क्षेत्र से मारवाड़ क्षेत्र की ओर भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर ब्यूरो अधिकारियों की टीम ने संदिग्ध मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी। इस दौरान भदेसर-चित्तौड़गढ़ रोड पर संदिग्ध वाहन की पहचान होने पर उसे रुकने का संकेत दिया गया।वाहन चालक ने वाहन नहीं रोका और भागने का प्रयास किया। रोकने की कार्रवाई के दौरान ब्यूरो अधिकारियों ने एक राउंड फायर किया गया। इसके बाद वाहन में सवार कंटेनर ट्रक छोड़ कर मौके से फरार हो गया।

सुरक्षा की दृष्टि से सड़क पर तलाशी नहीं लेने के कारण कंटेनर ट्रक को ब्यूरो, कोटा कार्यालय लाया गया। यहां विधिवत तलाशी लेने पर कंटेनर के भीतर रखे 123 बोरों से कुल 2498.960 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद डोडा चूरा और कंटेनर ट्रक को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल