home page

नशा तस्करों के खिलाफ एक्शन और जन जागरूकता साथ-साथ: डीसीपी राजर्षि राज

 | 
नशा तस्करों के खिलाफ एक्शन और जन जागरूकता साथ-साथ: डीसीपी राजर्षि राज


जयपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट (दक्षिण) की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान 'मिशन जागृति' के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के साथ-साथ जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पिछले वर्ष की तुलना में 63.83 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। वहीं पुलिस अब तक करीब 5.18 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण कर चुकी है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस थाना पत्रकार कॉलोनी में नशा मुक्ति को लेकर वृहद जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इससे पहले 22 जून को शिप्रापथ स्थित दीप ऑडिटोरियम में भी इसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

इस कार्यक्रम में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालकों सहित करीब 400 लोगों ने भाग लिया। पुलिस ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों को 'नशा मुक्त वार्ड' बनाने के लिए पुलिस के साथ समन्वय बढ़ाने की अपील की।

डीसीपी राजर्षि राज ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर संचालकों को परिसर को नशा मुक्त रखने के निर्देश दिए। संस्थानों में जागरूकता सामग्री वितरित की गई, व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530424984 का प्रचार किया गया तथा गोपनीय शिकायतों के लिए शिकायत पेटिका स्थापित कराई गई।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के 94 प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि 2026 में अब तक 154 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो 63.83 प्रतिशत की वृद्धि है।

अभियान के दौरान पुलिस ने 53 नए प्रकरण दर्ज कर 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 400 ग्राम गांजा, 492 ग्राम 86 मिलीग्राम स्मैक, 102 ग्राम कोकीन, 109 ग्राम 6 मिलीग्राम एमडी तथा नशा सेवन के उपकरण बरामद किए गए।

इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के सात इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर कुल 40 हजार रुपये का इनाम घोषित था। नशे की तस्करी में प्रयुक्त 35 दोपहिया एवं चौपहिया वाहन भी जब्त किए गए।

पुलिस ने 18 अप्रैल, 29 अप्रैल, 30 मई और 3 जुलाई 2026 को अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ 18 लाख रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया।

डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों का डोजियर तैयार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित तस्करों की संपत्ति कुर्क करने सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा के सुपरविजन में एसीपी, थानाधिकारी, डीएसटी और साइबर सेल की टीमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), औषधि नियंत्रक विभाग तथा कोचिंग संस्थानों एवं प्रेस क्लब के सहयोग से अभियान चला रही हैं। ड्रोन और डॉग स्क्वायड की मदद से कच्ची बस्तियों में सर्च अभियान, डोर-टू-डोर सर्वे और संदिग्धों की निगरानी भी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश