home page

लेखपाल 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

 | 
लेखपाल 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार


मुरादाबाद, 19 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद की ट्रैप टीम ने बुधवार को जनपद संभल के तहसील गुन्नौर में राजस्व लेखपाल अमन कुमार को 10,000 की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि आरोपित लेखपाल ने जमीन की पैमाइश व ठियाबंदी करने पर अपनी आख्या देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन में निरीक्षक नवल मरवाह ने बताया कि जनपद संभल के थाना राजपुर तहसील गुन्नौर के ग्राम पट्टी नासिर निवासी महिपाल सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद कार्यालय में लिखित शिकायत की थी। उन्हाेंने बताया था कि उनकी जमीन की पैमाइश और ठिया बंदी करने पर अपनी आख्या देने के नाम पर जनपद संभल के थाना बहजोई स्थित मोहल्ला गोलागंज नारायण टोला निवासी और तहसील गुन्नौर में संप्रत्ति राजस्व लेखपाल अमन कुमार ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की है।

मामला संज्ञान में आने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक कृष्ण अवतार अपने आरोपित लेखपाल को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। ट्रैप टीम ने बुधवार दोपहर एक बजे के लगभग शिकायतकर्ता महिपाल सिंह को थाना धनारी क्षेत्र में बुलाया और केमिकल लगे नाेट दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता उन नाेटाें काे उसे जैसे ही लेखपाल काे दिये टीम ने उसे पकड़ लिया।

टीम ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेने के आराेप में लेखपाल काे गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध जनपद संभल के थाना धनारी में कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल