एक ही परिवार के छह सदस्यों पर ‘एसिड’ जैसे तरल से हमला, एक गंभीर
उत्तर दिनाजपुर, 21 अगस्त (हि. स.)। जिले के गोआलपोखर में एक ही परिवार के छह सदस्यों पर कथित तौर पर एसिड जैसे तरल पदार्थ फेंकने का सनसनीखेज मामला शुक्रवार को सामने आया है। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने मजार के पास परिवार के सदस्यों को निशाना बनाकर तरल पदार्थ फेंककर मौके से फरार हो गए। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, घटना में घायल छह लोगों में से पांच को शुक्रवार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, एक युवती के अधिक घायल होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के प्रारंभिक आकलन में इसे एसिड अटैक जैसा मामला माना जा रहा है, हालांकि इस्तेमाल किए गए पदार्थ की प्रकृति और उसकी तीव्रता की जांच की जा रही है।
घायल युवती ने बताई कि गुरुवार को परिवार के सदस्यों के साथ एक स्थानीय मजार पर गए थे। रात को टोटो से घर लौटते समय हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उनके सामने बाइक रोकी। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों ने उनकी ओर तरल पदार्थ फेंक दिया और तेजी से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इस्लामपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। इस घटना से मजार के आसपास और इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। घायल युवती के पिता ने दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपितों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस्लामपुर के पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि बदमाशों ने एक तरल पदार्थ फेंका है। वह वास्तव में एसिड था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

