home page

आराेपित महिला ने घर में घुसकर आरक्षक के परिवार पर चाकू से किया हमला, पत्नी व बेटे की माैत, बेटी गंभीर घायल

 | 
आराेपित महिला ने घर में घुसकर आरक्षक के परिवार पर चाकू से किया हमला, पत्नी व बेटे की माैत, बेटी गंभीर घायल


दुर्ग, 25 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक के परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है और अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

जानकारी के अनुसार, आरोपित महिला ने अचानक घर में प्रवेश कर धारदार हथियार से हमला शुरू कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घर में मौजूद एक अन्य बच्चे ने किसी तरह बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित महिला और आरक्षक नितेश यादव के बीच कथित रूप से अवैध संबंध थे, जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी आरोपित महिला आरक्षक के घर आई थी, लेकिन उस समय उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बावजूद आपसी रंजिश और गुस्से में महिला ने अगले दिन इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे की असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

स्मृति नगर चौकी से मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव और जांजगीर-चांपा में रहने वाली आरोपित महिला सरोजनी भारद्वाज के बीच फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी, जो जल्द ही प्यार में बदल गया। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने कथित तौर पर महिला से दूसरी शादी भी कर ली थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल