वीडीओ भर्ती के नाम पर 20-20 लाख की ठगी, 25 हजार का इनामी आरोपित गिरफ्तार
हाथरस, 12 अक्टूबर (हि.स.)। वीडीओ भर्ती परीक्षा में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में एसओजी और सादाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी गजेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी आगरा जिले के कागरोल थाना क्षेत्र के गांव रिठौरा का निवासी है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला देवा निवासी धर्मेंद्र सिंह ने 26 जुलाई 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2018 में उसने अपने चार साथियों के साथ वीडीओ भर्ती परीक्षा का फॉर्म भरा था। इसी दौरान आरोपियों ने खुद को सचिवालय और उत्तर प्रदेश में सहायक विकास अधिकारी से जुड़ा बताकर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके एवज में परीक्षा से पहले प्रति व्यक्ति 20 लाख रुपये सिक्योरिटी के नाम पर जमा कराए गए।
आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। रुपये वापस मांगने पर 5 जनवरी 2024 को धर्मेंद्र कुमार को नियुक्ति पत्र दिया गया, लेकिन जांच में वह फर्जी निकला। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर सादाबाद थाने में धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले में पुलिस ने 31 मार्च 2026 को मनोज कुमार और 22 सितंबर 2026 को ज्वालाप्रसाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, फरार चल रहे गजेंद्र कुमार पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की टीमें लगाई गई थी, जिस साेमवार काे गिरफ्तार कर लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

