जांजगीर-चांपा : एपीके फाइल भेजकर 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाला आरोपित केरल से गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर (हि. स.)। शादी का निमंत्रण कार्ड भेजने के बहाने मोबाइल हैक कर एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपित को जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने केरल से गिरफ्तार किया है। आरोपित के बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी, जिसे उसने निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग कर लिया था। पुलिस ने आरोपित का मोबाइल फोन जब्त कर बैंक खाते को सीज करा दिया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर अपराधों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यह सफलता हासिल की है। मामले के अनुसार, 6 जून 2026 को नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम पर एक एपीके फाइल भेजी गई थी। पीड़ित ने जैसे ही फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद मोबाइल से लिंक एसबीआई बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 98 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपित को गिरफ्तार कर आज रविवार काे जेल भेज दिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) से संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने जांच करते हुए आरोपित अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम, केरल की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने केरल स्थित आरोपित के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने पीड़ित से ठगी की गई 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने और उसे निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। जांच में आरोपित के खाते में अन्य 21 हजार रुपये की संदिग्ध रकम भी मिली है, जिसके संबंध में गुजरात से एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपित का मोबाइल फोन जब्त करने के साथ ही बैंक खाते को सीज कराया है। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां से उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें: पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर किसी भी अनजान नंबर से आने वाले लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। साइबर ठग शादी का निमंत्रण कार्ड, मोटर वाहन चालान और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ऐसी फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर सकते हैं। यहां तक कि किसी परिचित के नंबर से ऐसी फाइल आने पर भी उसकी पुष्टि किए बिना डाउनलोड न करें।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

