आगरमालवाः 45 लाख की ठगी करने वाला आरोपी यूपी से गिरफ्तार
आगरमालवा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में ईट-भट्टो पर मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर लगभग 45 लाख रूपये की धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी आफताब को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हांसिल करते हुए आरोपी के पास से 20 लाख रूपये नकद और दो चेक भी बरामद किये है। मामले में दूसरा आरोपी सलीम फरार है।
आगरमालवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र बोयट ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपियों ने प्रजापति समाज के लगभग 40-45 लोगों को उनके ईंट-भट्ठों पर मजदूर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था। इसके लिए लोगों ने उन्हें रुपए दिए। शुरुआत में आरोपियों ने कुछ मजदूर ईंट-भट्ठों पर भेजे। मजदूरों से तीन से चार दिन काम करवाया गया। इसके बाद आरोपी उन्हें वापस ले गए और लोगों के रुपये लेकर फरार हो गए। मजदूरों के लौटने और रकम वापस नहीं मिलने पर लोगों को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसके बाद पीड़ितों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस ने आफताब (40) पुत्र अच्छे खान निवासी दानिश मदान मोहल्ला, थाना सदर कोतवाली, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया तथाा आरोपी के पास से 20 लाख रुपए नकद और दो चेक बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, दूसरे आरोपी सलीम की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सलीम की गिरफ्तारी के बाद ठगी की बाकी रकम बरामद करने की कोशिश की जाएगी। बरामदगी और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अदालत के जरिए पीड़ितों को रकम लौटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

