home page

मानजी का हत्था क्षेत्र में बस जलाने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 | 
मानजी का हत्था क्षेत्र में बस जलाने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार


जोधपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। शहर के मानजी का हत्था क्षेत्र में निजी बस में तोडफ़ोड़ करने, आग लगाने एवं जानलेवा हमले के प्रकरण में पुलिस ने मुख्य आरोपी गिलाकोर चामू के शंभूसिंह को गिरफ्तार कर लिया। उससे अब पूछताछ की जा रही है। कुछ दिन पहले उसके पिता को पुलिस ने शांतिभंग में पकड़ा था। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की पुलिस अब तलाश में जुटी है।

पुलिस ने प्रकरण में चामू के गिलाकोर निवासी जब्बर सिंह पुत्र खुशाल सिंह को गत दिनों शांतिभंग में पकड़ा था। घटना में संगठित गिरोह द्वारा जानलेवा हमला, बस को जलाने आपराधिक षड्यंत्र, तोडफ़ोड़, लूट, व्यावसायिक रंजिश एवं जान से मारने की धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ था।

पीडि़त सवाईपुरी पुत्र गोरधन पुरी ने बताया कि वह ड्राइवर के रूप में कार्यरत है। बस के मालिक भगवान सिंह झाला पुत्र नरवत सिंह निवासी टावरीवाला, तहसील बाप, फलोदी, हाल करणी नगर बीकानेर है। यह बस राजस्थान लोक परिवहन सेवा के अंतर्गत पूर्णत: वैध परमिट एवं स्वीकृत वैध रूट पर नियमानुसार संचालित होती है।

बस को मानजी का हत्था पावटा एरिया पुलिस थाना महामंदिर हल्के में खड़ी करके मौजूद था। उसी समय पूर्व नियोजित षडयंत्र एवं व्यावसायिक रंजिश के तहत मुख्य आरोपी शम्भु सिंह पुत्र जब्बर सिंह निवासी गिलाकोर चामू जोकि अपने पिता जब्बर सिंह के उकसावे व षडयंत्र में शामिल होकर अपने अन्य साथी युवराज सिंह जोधा व 5-6 अन्य साथियों के साथ एक बाइक व एक स्कूटी पर सवार होकर आए थे।

आरोपी अपने चेहरे पर कपड़ा बांधकर आए थे तथा हाथ में लाठी, डंडे, लोहे के सरिये अवैध हथियार, एवं ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) से लैस थे। आरोपियों ने पीडि़त सवाईपुरी व कडक्टर के साथ गाली-गलौच करते हुए लाठी डण्डों से थप्पड़ व मारपीट की इसके बाद आरोपियों ने लाठी- सरियों से बस के सभी कांच तोड़ दिए।

आरोपी शम्भु सिंह ने बस के अंदर चढक़र तथा उसके साथियों ने बाहर से बस पर पेट्रोल छिडक़ा और माचिस जलाकर बस को आग के हवाले कर दिया था। भागते समय आरोपियों ने धमकी दी कि अगर आइंदा इस रूट पर बस चलाई तो तुम्हे और तुम्हारे बस मालिक को जिंदा जला देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश