दुष्कर्म पीड़ित को ब्लैकमेल करने के मामले में अमरोहा से आरोपित गिरफ्तार
मुरादाबाद, 14 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने अमरोहा निवासी युवक पर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि 75 हजार रुपये लेने के बाद भी आरोपित उसे कॉल कर परेशान कर रहा है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
पीड़ित ने मझोला थाने में रविवार की रात दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि अमरोहा के किशनगढ़ वासुदेव निवासी अमन पाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया था। इस मामले में पीड़ित ने आरोपित के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों के बीच पांच अप्रैल 2025 को समझौता भी हुआ था।
चार सितंबर को मझोला थाने में युवती ने आरोपित के खिलाफ आईटी एक्ट और धमकी देने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपित अमन पाल के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने, ब्लैकमेल करने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक प्राथमिकी आरोपित के खिलाफ पहले भी दर्ज की गई थी। सोमवार शाम को पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

