home page

बच्ची संग दुष्कर्म और हत्या का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
बच्ची संग दुष्कर्म और हत्या का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार


कानपुर, 19 मार्च (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत 11 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपित को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गुरुवार को उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा।

घाटमपुर एसीपी कृष्ण कांत यादव ने बताया कि 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में परिजनों ने पड़ोस के रहने वाले तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस पहले ही दो आरोपितों कमल और आशीष को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि तीसरे की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। देर रात पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि तीसरा आरोपित सनी शहर छोड़कर भागने की फिराक में है।

पुलिस ने शातिर को पकड़ने के लिए घेराबंदी करते हुए माधो पुरवा भट्टा के पास चेकिंग लगाकर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर ही फायर झोंक दिया। पुलिस द्वारा की गई रक्षात्मक कार्रवाई में आरोपित के पैर पर गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया गया। जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप