मथुरा: नाबालिग से दुष्कर्म का आराेपित गिरफ्तार, पूर्व में एक युवक की निकाल ली थी दोनों आंखें
मथुरा, 05 सितम्बर (हि.स.)। थाना जैत क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले वांछित आरोपित को शनिवार बाटी मघेरा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक रहा है, जिसने कुछ साल पहले एक युवक की आंखें भी निकाल ली थीं।
जैंत थानाध्यक्ष सोनू कुमार और उनकी पुलिस टीम ने शनिवार पूर्वान्ह करीब 10ः35 बजे बाटी मघेरा चौराहे से आरोपी जयकिशन उर्फ जैकिशन पुत्र विजेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम मौरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना जैत में मु0अ0सं0 591/2026, धारा 65(1)/351(3) बीएनएस, 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात ने बताया 3 सितंबर 2026 को आरोपी जयकिशन ने खेत पर काम कर रही एक नाबालिग बच्ची को एकांत में ले जाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति का है। इसके अलावा वर्ष 2022 में गांव के एक युवक से झगड़ा होने पर इस आरोपी ने युवक के ऊपर बैठकर अपनी उंगलियों से उसकी दोनों आंखें निकाल ली थीं। इस संबंध में थाना जैत में हत्या के प्रयास और अंग भंग (मु0अ0सं0 287/2022, धारा 307/323/325/326 भादवि) का मामला दर्ज हुआ था। आरोपी करीब 3 साल जेल में रहने के बाद एक साल पहले ही बाहर आया था और लगातार ऐसी वारदातों में संलिप्त रह रहा था। इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सोनू कुमार, उपनिरीक्षक अभिनेन्दर राजपूत, कांस्टेबल रंजीत राठौर और कांस्टेबल पीताम्बर सिंह शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

