नशीली टेबलेट बिक्री के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 28 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर में नशीली टेबलेट बिक्री के मामले में शनिवार को एक आरोपित अर्जुन मजखण्ड को सिविल लाईन पुलिस ने धर दबोचा है। अर्जुन मजखण्ड निवासी धुवापड़ा, बलांगीर उड़ीसा का निवासी है। आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल जब्त किया गया है। आरोपित द्वारा सप्लायर के रूप में कार्य कर नशीली टेबलेट प्रदाय करने का काम करता था। आरोपितों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि, थाना सिविल लाइन क्षेत्रांतर्गत मुक्तिधाम न्यू शांतिनगर के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से नशीली टेबलेट रखकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहे है। जिस पर उक्त स्थान में रेड कार्रवाई कर आरोपित दुर्गेश महानंद उर्फ फुला एवं शनि टण्डन उर्फ हनी को पकड़कर उनके कब्जे से 80 नग नशीली टेबलेट जब्त कर अग्रिम कार्रवाई किया गया था।
प्रकरण में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ तथा फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य संलिप्त आरोपित की पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में प्रकरण में संलिप्त सप्लायर अर्जुन मजखण्ड के संबंध में इनपुट प्राप्त हुआ। जिस पर आरोपित अर्जुन उर्फ चेनू मजखण्ड को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त कर अग्रिम कार्रवाई किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

