home page

अनूपपुर: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी यूपी से गिरफ्तार, भेजा जेल

 | 
अनूपपुर: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी यूपी से गिरफ्तार, भेजा जेल


अनूपपुर, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने दुष्कर्म के एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2025 से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। जिसे शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण

पुलिस के अनुसार, अक्टूबर 2025 में शहडोल जिले की एक युवती ने थाना बिजुरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मोहाड़ा दफाई, बिजुरी निवासी एवं मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरेया जिले का रहने वाला बांबी सिंह (19) उसे शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध में ले आया। आरोप है कि सितंबर 2025 में आरोपी युवती को बिजुरी स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया, जहां तीन दिनों तक उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद आरोपी शादी से मुकर गया और फरार हो गया।

साइबर सेल की मदद से आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश भाग गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी बिजुरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लगातार निगरानी की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आज आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने की मकान मालिकों से अपील

अनूपपुर पुलिस ने आमजन और मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने घर, दुकान या प्रतिष्ठान में किसी भी बाहरी व्यक्ति को किराए पर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस का कहना है कि कई बार बाहरी लोग किराए पर रहकर गंभीर अपराधों को अंजाम देते हैं और बाद में फरार हो जाते हैं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला