home page

रायपुर : बी.पी. मशीन की आड़ में कोकीन मंगाने वाला आरोपित कृष्ण गोपाल अग्रवाल गिरफ्तार

 | 
रायपुर : बी.पी. मशीन की आड़ में कोकीन मंगाने वाला आरोपित कृष्ण गोपाल अग्रवाल गिरफ्तार


रायपुर, 20 मार्च (हि.स.)। बीपी मशीन की आड़ में कोरियर के जरिए कोकीन मंगाने वाले आरोपित को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित की पहचान कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर का निवासी है। आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 27 हजार 500 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन और एक महंगा मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 20 लाख 27 हजार 500 रुपये बताई गई है।

जांच में सामने आया है कि, आरोपित अन्य राज्यों से कोरियर के माध्यम से कोकीन मंगाता था। 19 मार्च गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि, देवेन्द्र नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने वाहन में मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ा।

तलाशी के दौरान वाहन से एक कोरियर पैकेट बरामद हुआ, जिसमें बीपी मशीन बताकर भेजा गया था। जब पुलिस ने मशीन की जांच की, तो उसके अंदर कोकीन छिपाकर रखी गई थी। पूछताछ में आरोपी ने गोलमोल जवाब देने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने बताया कि, इस मामले में कोरियर सेवा का दुरुपयोग किया गया है। संबंधित कोरियर फर्म के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

आरोपित के खिलाफ थाना देवेन्द्र नगर में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 22बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि, शहर में नशे के कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपित से फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य आरोपितों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर End-to-End कार्यवाही की जा रहीं है। साथ ही श्री मारूती कोरियर फर्म के ऊपर भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर