home page

जांजगीर-चांपा: सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट कर 70 हजार की वसूली, 2 आरोपित गिरफ्तार

 | 
जांजगीर-चांपा: सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट कर 70 हजार की वसूली, 2 आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर, 3 अप्रैल (हि. स.)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो पोस्ट कर पैसे की मांग करने वाले दो आरोपितों को सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने आज शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपितों ने उसकी बेटी से दोस्ती कर उसे प्रेम जाल में फंसाया और दिसंबर 2025 से उसके अश्लील फोटो-वीडियो को अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी से परिजनों को भेजकर 70 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। साथ ही पैसे नहीं देने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न इंस्टाग्राम आईडी की साइबर तकनीक से जांच की। जांच के दौरान मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपितों की पहचान पाली नैला निवासी प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21) और शिवम भवानी (19) के रूप में हुई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, एएसआई अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, आरक्षक विनोद राठौर और नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT