व्यापारी ने दूसरे कारोबारी पर लगाया 12,46,772 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज
मुरादाबाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मुगलपुरा क्षेत्र में गत्ते की शीट की आपूर्ति करने वाले एक व्यापारी ने दूसरे कारोबारी पर 12 लाख 46 हजार 772 रुपये बकाया रकम नहीं चुकाने और मांगने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस से शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रविवार काे मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना मुगलुपरा क्षेत्र के मोहल्ला बरवालान जहाज वाली बिल्डिंग के पास निवासी मोहम्मद अदनान फर्मों में गत्ते की शीट की आपूर्ति करते हैं। न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार जामा मस्जिद चौराहे पर अस्पताल के पास रहने वाले अनवर बेग ने उनसे गत्ते की शीट ली थी। इसके बाद साल 2022 से दोनों के बीच कारोबार शुरू हो गया। आरोप है कि अनवर बेग लगातार गत्ते की शीट मंगवाता रहा, लेकिन उसकी कीमत का भुगतान नहीं किया। बकाया रकम मांगने पर वह जल्द रुपये देने का आश्वासन देता रहा। पांच जून 2025 तक अनवर बेग पर 12,46,772 रुपये बकाया हो गए थे। भुगतान नहीं होने पर उन्होंने आगे माल की आपूर्ति रोक दी और बकाया रकम चुकाने को कहा। आरोप है कि शुरुआत में अनवर बेग टालमटोल करता रहा और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। सात सितंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे अनवर बेग मोटरसाइकिल से अदनान के घर के सामने से गुजर रहा था। इस दौरान अदनान ने उसे रोककर बकाया रकम नहीं देने और फोन नहीं उठाने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर अनवर बेग ने गाली-गलौज शुरू कर दी और रुपये नहीं देने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से चला गया। पीड़ित ने 18 सितंबर को एसएसपी के समक्ष शिकायत दी और पंजीकृत डाक से भी प्रार्थना पत्र भेजा। कार्रवाई नहीं होने पर 21 सितंबर को न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
मुगलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक केके राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

