home page

सिरसा: दो लाख की साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार

 | 

सिरसा, 03 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने दो लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को दिल्ली के तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिदुल जफर के रूप में हुई है।

साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने मंगलवार को बताया कि इस संबंध में सिरसा निवासी प्रमोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पीडि़त व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 सिंतबर को उसके पास कॉल आई और कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि आप हमारे टेलीग्राम ऐप से जुडक़र घर बैठे-बैठे लाखों करोड़ो रुपए कमा सकते हो। इसके लिए आपको कंपनी के बताए हुए टास्क को पूरा करना होगा, जैसे ही टास्क पूरा होगा आपके खाते में पैसे आ जाएंगे। उसके मोबाइल नंबर पर एक टेलीग्राम लिंक आया जैसे ही उसने लिंक को क्लिक किया तो उसमें टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने के लुभावने ऑफर चल रहे थे। पीडि़त व्यक्ति ने साइबर अपराधियों के झांसे में आकर 2 हजार रुपए लगा दिए औऱ बदले में उसके खाते में पैसे डबल होने का मैसेज आ गया। इसके बाद प्रमोद कुमार साइबर अपराधियों के चंगुल में फंस गया और उसने लालच में आकर 2 लाख 19 हजार रुपए का इंवेस्टमेंट कर दिया और बाद में पैसा निकालने के लिए वेबसाइट पर आए लिंक को क्लिक किया तो टेलिग्राम एप पूरी बंद हो गया

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए घटना में संलिप्त आरोपी साहिदुल जफर को तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। गौरतलब है कि मामले में संल्पित दो आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान जो भी व्यक्ति ठगी के इस नेटवर्क में संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma