फर्जी फेसबुक आईडी से 8 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
--सपा नेता के भतीजे ने कोतवाली में दी तहरीर
हमीरपुर, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के चरखारी रोड क्षेत्र में रहने वाले समाजवादी पार्टी के नेता और रिहुंटा जिला पंचायत सीट से सदस्य रामसजीवन यादव की फर्जी फेसबुक आईडी से भ्रामक सामग्री वायरल करने का मामला सोमवार को सामने आया है। इस संबंध में उनके भतीजे ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम नहदौरा निवासी मोहित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके चाचा रामसजीवन यादव वर्तमान में रिहुंटा जिला पंचायत सीट से सदस्य हैं और आगामी चुनाव में दोबारा प्रत्याशी बनने की तैयारी कर रहे हैं। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने फेसबुक मैसेंजर पर च्राजपूत निधिज नाम से फर्जी आईडी बनाकर एडिट की गई अखबार की कटिंग और भ्रामक संदेश प्रसारित कर दिए हैं। पीड़ित के अनुसार उक्त आईडी के माध्यम से 8 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई है और रकम न देने पर बदनाम करने की धमकी दी गई। साथ ही एक मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी मिलने की भी बात कही गई है।
रामसजीवन यादव का कहना है कि उनकी राजनीतिक छवि खराब करने के उद्देश्य से यह साजिश रची जा रही है। मामले में कुछ स्थानीय नेताओं पर भी संदेह जताया गया है। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने सोमवार को बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

