home page

सजेती में देवर के निजी अंग को काटने का आरोप, घायल युवक कानपुर रेफर

 | 
सजेती में देवर के निजी अंग को काटने का आरोप, घायल युवक कानपुर रेफर


कानपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक के निजी अंग को काटकर घायल करने का मामला सामने आया है। युवक के परिजनों ने उसकी भाभी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। घायल को पहले घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब महिला के बच्चे अपने चाचा के घर खाना खाने गए थे। आरोप है कि इस दौरान महिला ने बच्चों की पिटाई कर दी। घर के लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। युवक का आरोप है कि इसी दौरान उसकी भाभी ने उसके निजी अंग को मुंह से काटकर जख्मी कर दिया।

घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल घाटमपुर सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कानपुर भेज दिया।

युवक के पिता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उन्होंने बेटे के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, विवाद किस वजह से शुरू हुआ और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप