home page

लोडवाड़ा नकबजनी का पर्दाफाश, शातिर चोर गिरफ्तार

 | 
लोडवाड़ा नकबजनी का पर्दाफाश, शातिर चोर गिरफ्तार


डूंगरपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। ऑपरेशन शिकंजा के तहत रामसागड़ा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने लोडवाड़ा में हुई नकबजनी की वारदात का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से लोडवाड़ा से चोरी किया गया मोबाइल और बिछीवाड़ा के बरोठी गांव से चुराई गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पकड़ा गया आरोपित अपने मौज-शौक पूरा करने और गर्लफ्रेंड को घुमाने व उसके खर्चे उठाने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

- चार्जिंग पर लगा मोबाइल चुराकर हुआ था फरार

पुलिस के अनुसार प्रार्थी हरिशसिंह पुत्र धनसिंह राजपुरोहित निवासी महादेव नगर मोहनगढ़ पुलिस थाना मोहनगढ़, जिला जैसलमेर, हाल किराएदार वेलचंद पटेल का मकान, लोडवाड़ा ने रामसागड़ा थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 08 सितंबर की रात्रि को कोई अज्ञात चोर दीवार कूदकर उसके मकान में घुसा और कमरे में चार्जिंग पर लगा उसका मोबाइल चोरी करके ले गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

- सीसीटीवी फुटेज और रेकी से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामसागड़ा थानाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों व मुखबिर तंत्र से लगातार संपर्क साधा। जब पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक कम उम्र का युवक लोडवाड़ा, गामड़ी अहाड़ा सहित दो-तीन जगहों पर चोरी की नीयत से रेकी करता हुआ दिखाई दिया।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध जीतू उर्फ जितेन्द्र पुत्र बंशीलाल भगोरा निवासी सारोली खेरवाड़ा; हाल कनबई, थाना पाटीया, जिला उदयपुर को डिटेन किया।

पुलिस द्वारा जब उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से कड़ी पूछताछ की गई, तो उसने लोडवाड़ा से मोबाइल चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही आरोपित ने बिछीवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के बरोठी गांव से एक मोटरसाइकिल भी चोरी करना कबूल किया।

- आरोपित पर पोक्सो का भी मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी का मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है तथा आरोपित को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि वह केवल अपने मौज-शौक पूरे करने और अपनी गर्लफ्रेंड को घुमाने व उसके खर्चे उठाने के लिए इस तरह की चोरी की वारदातें करता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित के खिलाफ पूर्व में पोक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।

पुलिस द्वारा आरोपित से अन्य वारदातों के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है तथा उसे नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष