home page

जींद : यूरोप भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने का आरोपित गिरफ्तार

 | 
जींद : यूरोप भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने का आरोपित गिरफ्तार


जींद, 31 मार्च (हि.स.)। पुलिस द्वारा धोखाधड़ी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर थाना नरवाना पुलिस ने यूरोप भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताद कर रही है।

थाना शहर नरवाना के प्रभारी उप निरीक्षक आत्माराम ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता चौपड़ा पत्ती नरवाना निवासी रणधीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि गांव हसनगढ़ हिसार निवासी अजीत, अमित व मनजीत ने उसके पुत्र अमन को यूरोप में वर्क वीजा पर भेजने का झांसा देकर सात लाख 4,500 रुपये की राशि हड़प ली। उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से उसके पुत्र को यूरोप भेजने की बजाय दुबई में एक माह के टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया और वहां एजेंटों के माध्यम से उसे बंधक बना कर अतिरिक्त पैसों की मांग की गई। उसके पुत्र को दुबई से वापस लाने के लिए उसने लगभग चार लाख रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़े। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना शहर नरवाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गांव हसनगढ़ निवासी अमित को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस आमजन से अपील करती है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के धनराशि न दें तथा किसी भी प्रकार की ठगी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा