home page

मध्यप्रदेश में बैंक डकैती का आरोपित बिहार के डेहरी से गिरफ्तार

 | 
मध्यप्रदेश में बैंक डकैती का आरोपित बिहार के डेहरी से गिरफ्तार


मध्यप्रदेश में बैंक डकैती का आरोपित बिहार के डेहरी से गिरफ्तार


- 15 लाख नगद व 61 ग्राम सोना बरामद

डेहरी आन सोन 18 अप्रैल (हि.स.)।

पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) में दीनदयाल रेल मंडल के अ्तर्गत डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन पर आज मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में आरपीएफ ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को ट्रेन से भाग रहे गिरोह के मास्टरमाइंड को डेहरी आरपीएफ व जी आर पी ने रेलवे स्टेशन पर सिंगरौली -पटना एक्सप्रेस से संदिग्ध अवस्था में धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपित की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्वाल बिगहा निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से पुलिस ने 15 लाख 22 हजार रुपये नगद व 61.77 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शुक्रवार को कुल पांच बदमाशों ने मिलकर बैंक से लगभग 20 लाख रुपये नगद व अनुमानित 15 करोड़ रुपये के सोने के जेवर लूटे थे। वारदात के बाद लुटेरों ने आपस में हिस्सा बांटा और अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। गिरोह के चार अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई हैं।

आरपीएफ डेहरी के प्रभारी निरीक्षक राम विलास राम ने बताया कि नबीनगर रेलवे स्टेशन पर सिंगरौली -पटना एक्सप्रेस में जांच के क्रम में इसे संदिग्ध गतिविधि करते उससे पूछताछ कर उसकी जांच जांच की गई। उसने पूछताछ में बताया कि वह अपनी मां की इलाज के लिए पटना जा रहा है। जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 15 लाख 22 हजार रुपये नगद, सोने के गहने आदि मिले। जिसके बाद उसे आरपीएफ डेहरी आन सोन पोस्ट पर लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई। जहां उसने बताया कि उसने कल ही पांच लोग मिलकर बैंक आफ महाराष्ट्रा में लूटपाट किए हैं। उसने इस घटना में शामिल अन्य सदस्यों का नाम भी बताया है। इसकी सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों के साथ सिंगरौली पुलिस को दी गई।

सिंगरौली एसपी सर्वप्रिय सिंहा, आरपीएफ पटना के सहायक सुरक्षा आयुक्त हरमंगत सिंह, आरपीएफ के डीआइजी एसआर गांधी व जीआरपी उपाधीक्षक आलोक कुमार आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। अधिकारियों ने पकड़े गए व्यक्ति से घटना की विस्तृत जानकारी ली और गैंग के अन्य सदस्यों के ठिकानों के बारे में पूछताछ कर छापेमारी शुरू कराई। जीआरपी उपाधीक्षक ने बताया कि कमलेश कुमार एक शातिर अपराधी है जो पूर्व में हिलसा और नालंदा से मोटरसाइकिल चोरी व अन्य आपराधिक कांडों में जेल जा चुका है। उसे आरपीएफ जवान नदीम राजा खान व उमाकांत ने संदिग्ध स्थिति में पकड़ा है। फिलहाल, आरपीएफ निरीक्षक रामविलास राम की निगरानी में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा