मुख्य आरक्षी को मारपीट कर अभद्रता करने में आरोपित गिरफ्तार
हमीरपुर, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में चिकासी पुलिस ने गुरुवार को सरकारी कार्य में बाधा डालने, मुख्य आरक्षी से अभद्रता करने तथा धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चिकासी थाने में तैनात मुख्य आरक्षी (हेड कॉन्स्टेबल) दारा सिंह अपने साथी रिजर्व आरक्षी अजय कुमार के साथ बंधौली गांव में नोटिस तामील कराने एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी के लिए भ्रमण पर थे। इसी दौरान छोटी बंधौली गांव निवासी राकेश पुत्र विजय ने मुख्य आरक्षी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी थी। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उक्त व्यक्ति अधिक उग्र हो गया तथा मारपीट पर आमादा होकर अभद्रता करने लगा। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। मुख्य आरक्षी दारा सिंह की तहरीर के आधार पर चिकासी में राकेश के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। गुरुवार को एसआई सूर्यभान सिंह ने पुलिस बल के साथ वांछित अभियुक्त राकेश को बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के पास गबरौली खरका से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

