home page

जींद : धार्मिक विवाद करने पर सरंपच समेत 35 लोगों पर मामला दर्ज

 | 
जींद : धार्मिक विवाद करने पर सरंपच समेत 35 लोगों पर मामला दर्ज


जींद, 23 मार्च (हि.स.)। सफीदों खंड के गांव डिडवाड़ा में धर्म विशेष के लोगों के साथ मारपीट करने तथा धमकी देने पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने 15 लोगों को नामजद कर 20 अन्य के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भड़काने का मामला दर्ज किया है।

गांव डिडवाड़ा निवासी अमीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में टेंट की दुकान चलाता है। गत 21 मार्च में वे मस्जिद में नमाज अता करने जा रहे थे। गांव के सरपंच राजन ने सभी परिवारों को गांव छोडऩे के लिए धमकी दी। उन्हें नमाज भी नही करने दी गई। वहां आए लोगों के साथ मारपीट तथा गाली गलौज की गई। विरोध करने पर कुछ युवकों ने उसके घर आ कर उन पर हमला किया। जिसमें उसे काफी चोटें आई। मामला तूल न पकड़े, इसको लेकर रविवार को गांव में डीएसपी गौरव शर्मा के नेतृत्व में फ्लैग मार्च भी निकाला गया था।

सदर थाना सफीदों पुलिस ने अमीन की शिकायत पर गांव के सरपंच राजन समेत 15 लोगों का नामजद कर 20 अन्य के खिलाफ मारपीट करने धार्मिक भावनाओं को भड़काने पर समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी सफीदों गौरव शर्मा ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व जींद पुलिस पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में शांति बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही आमजन से अपील की गई कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है या कोई अफवाह फैलाता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा