home page

मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, आरोपित जेल दाखिल

 | 
मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, आरोपित जेल दाखिल


रायगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। थाना तमनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुजेंमुरा में 14 मार्च को हुई मारपीट की घटना में घायल युवक झसकेतन निषाद (उम्र 49 वर्ष ) की इलाज के दौरान 19 मार्च 2026 को रायपुर में मृत्यु हो गई।

मामले में तमनार पुलिस ने आरोपित पंचराम निषाद के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे आज बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, श्यामनगर बाजारपारा निवासी पंचराम निषाद अपने परिवार के साथ ग्राम कुजेंमुरा में जाति समाज के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आया था। 14 मार्च की रात्रि में अपने परिजनों को घर चलने के लिए कहने पर परिवार द्वारा सुबह जाने की बात कही गई, जिस पर उसका अपने बड़े साले इस्केतन निषाद से विवाद हो गया।

विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया, जिसमें आरोपित ने बांस के डंडे से झसकेतन निषाद पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार हेतु जिंदल अस्पताल उर्जानगर तमनार ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। रायपुर के आरोग्य अस्पताल शंकर नगर में उपचार के दौरान 19 मार्च को उसकी मृत्यु हो गई।

घटना का मूल स्थान तमनार थाना क्षेत्र होने के कारण मर्ग डायरी थाना सिविल लाइन से प्राप्त होने पर मर्ग क्रमांक 19/2026 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के तहत जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान गवाहों के कथनों एवं साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपित द्वारा जान से मारने की नियत से मारपीट की गई थी, जिससे आई चोटों के कारण युवक की मृत्यु हुई। इस आधार पर 24 मार्च 2026 को आरोपित पंचराम निषाद के विरुद्ध अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

आरोपित की तलाश में पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और हुकराडीपा क्षेत्र से आरोपित को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार किया तथा अपने मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा ग्राम कुजेंमुरा स्थित अपने घर के पास झाड़ी से बरामद कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान