home page

छह साल से फरार अपहरण और दुष्कर्म के प्रकरण का आरोपित रायपुर से गिरफ्तार, अलीगढ़ से पीड़िता बरामद

 | 
छह साल से फरार अपहरण और दुष्कर्म के प्रकरण का आरोपित रायपुर से गिरफ्तार, अलीगढ़ से पीड़िता बरामद


धमतरी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के वर्ष 2019 के प्रकरण में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार आरोपित दीपक कुमार उर्फ दयालु (33 वर्ष ) को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से पीड़िता को भी सकुशल बरामद किया है। आरोपित उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के हरदुआगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ांसी का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 में नाबालिग बालिका के लापता होने पर सिटी कोतवाली धमतरी में गुम इंसान कायम कर अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पीड़िता के अलीगढ़ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे सकुशल बरामद किया। पीड़िता के कथन और विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपित पर शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और शारीरिक संबंध बनाने के आरोप सामने आए। इसके बाद प्रकरण में धारा भादवि तथा पाक्सो अधिनियम की धारा जोड़ी गईं।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपित की पतासाजी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पीड़िता से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को रायपुर से गिरफ्तार किया। उसे आज धमतरी के विशेष न्यायालय (एफटीसी) में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली की सहायक उपनिरीक्षक पुष्पा पांडेय, आरक्षक गजेन्द्र टंडन और महिला आरक्षक मीनाक्षी साहू का विशेष योगदान रहा।

धमतरी पुलिस ने कहा कि महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। अपहरण, शोषण और अन्य महिला-बाल अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से बच्चों की सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा