कोलकाता की बार डांसर को लोन का झांसा देकर सोने के जेवर लेकर भागा आरोपित सिलीगुड़ी से गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 01 नवंबर (हि. स.)। लोन दिलाने का झांसा देकर एक महिला बार डांसर से सोने के आभूषण ठगने और फरार होने के आरोप में बिधाननगर पुलिस ने एक व्यक्ति को सिलीगुड़ी के बागडोगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपित को बागडोगरा स्थित उसके घर से दबोचा गया, जिसके बाद रविवार कप पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले रवाना हो गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान देबाशीष नाग के रूप में हुई है, जो बागडोगरा के अभिराम जोत का निवासी है। बागडोगरा के हांसखोवा इलाके में आरोपित का एक रेस्तरां भी है।
बताया जा रहा है कि आरोपित के साथ पीड़ित महिला का संपर्क था और दोनों कोलकाता के सिटी सेंटर सहित विभिन्न जगहों पर अक्सर मिलते-जुलते थे। इसी दौरान आरोपित ने महिला को लोन दिलवाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि लोन पास करवाने के नाम पर उसने महिला से सोने के आभूषण ले लिए और इसके बाद अचानक चंपत हो गया।
खुद के साथ हुई धोखाधड़ी से आहत होकर पीड़ित महिला ने गत दस अक्टूबर को बिधाननगर थाने में आरोपित के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद बिधाननगर थाने की पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपित के बागडोगरा में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली।
इसके बाद, रविवार तड़के बिधाननगर पुलिस ने बागडोगरा थाने के सहयोग से एक विशेष छापेमारी अभियान चलाकर आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर कोलकाता के लिए रवाना हो गई है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

