ट्रक चोरी करने वाला आरोपित चढ़ा पुलिस के हत्थे, 15 लाख रुपये जब्त
रायपुर, 24 जून (हि.स.)। उरला क्षेत्रांतर्गत ट्रक चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने धर दबोचा है।
पुलिस ने आज बुधवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, पीड़ित मनीराम यादव ने 20 जून को थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, वह एस के एस इस्पात में इलेक्ट्रीकल इंचार्ज है, उसका हाईवा ट्रक बजरंगबली मौर्या चलाता था, जिसे मौर्या ने 20 जून की शाम जेए फ्यूल्स के पास उरला में खड़ी करके घर चला गया था, जो 21 जून से गायब था। जिसके बाद अज्ञात आरोपित के विरूद्ध थाना उरला में अपराध क्रमांक 284/26 धारा 303(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
ट्रक चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की टीम ने घटना के संबंध में पीड़ित तथा चालक से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपित की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ उसके आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेजो का अवलोकन करते हुए मुखबिर भी लगाये गये। टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्रवाई कर महज 24 घंटे के भीतर प्रकरण में उरला निवासी खिलावन पात्रे को पकड़ लिया गया। आरोपित से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा ट्रक चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। जिसके बाद आरोपित खिलावन पात्रे को गिरफ्तार कर लिया गया आरोपित के कब्जे से चोरी की ट्रक वाहन जुमला कीमती लगभग 15 लाख रुपये जब्त कर आरोपित के विरूद्ध कार्रवाई किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

