रोडवेज बस में पथराव के बाद फायरिंग करने वाला आरोपित गिरफ्तार
रोडवेज बस चालक से विवाद के बाद की थी हवाई फायरिंग
हमीरपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर राठ मार्ग स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे धनौरी गांव के पास रोडवेज बस के आगे बाइक लगाने और बस आगे बढ़ाने को लेकर हुए विवाद में बस चालक को धमकाने और हवाई फायरिंग करने के मामले में राठ पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद हुई है।
कोतवाल दीपेंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि 27 नवंबर को रोडवेज बस चालक और बाइक सवार तीन युवकों के बीच विवाद हुआ था। ग्राम धनौरी के पास बाइक सवार युवकों ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बस चालक की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज और विवेचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। शनिवार को राठ पुलिस ने कांशीराम कॉलोनी के पास से कीरत उर्फ भूरा राजपूत निवासी ग्राम परा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

