रोहरा लूटकांड का फरार आरोपित कौशलेश त्रिपाठी गिरफ्तार
रायपुर/बलौदाबाजार, 16 अगस्त (हि.स.)। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने 12 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवर लूट मामले में फरार आरोपित कौशलेश त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल और 61,950 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोककर हमला किया और मोबाइल व स्कूटी की चाबी छीन ली। इसके बाद बैग में रखी करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोना, जिसकी कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए।
मामले की रिपोर्ट पर भाटापारा ग्रामीण थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कौशलेश त्रिपाठी फरार था।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सूचना तंत्र की मदद से आरोपित की लगातार तलाश की। आरोपित बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। आखिरकार उसकी लोकेशन सीतामढ़ी, कोरबा में मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 55 वर्षीय कौशलेश त्रिपाठी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, बलवा और चोरी सहित 25 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि, आरोपित वारदात के दौरान घातक हथियारों का इस्तेमाल करने से भी नहीं हिचकता था।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपित की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

