home page

मोबाइल बेचने के नाम पर बुलाकर लूट करने का आरोपित गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद

 | 
मोबाइल बेचने के नाम पर बुलाकर लूट करने का आरोपित गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद


जौनपुर,12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सिकरारा थाना पुलिस ने लूट के मामले में वांछित आरोपित अनुज यादव उर्फ डाढ़ी को सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के 1,500 रुपये, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस संबंध में सोमवार को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि कानपुर देहात जिले के मंगलपुर थाना क्षेत्र के रणधीरपुर निवासी शांतनु ने रविवार को सिकरारा थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि रविवार शाम करीब पांच बजे अजय विश्वकर्मा, शुभम सिंह, आकाश गौतम और अनुज यादव ने मोबाइल बेचने के बहाने उन्हें बुलाया। इसके बाद तमंचा सटाकर मोबाइल और नकदी छीन ली तथा यूपीआई के माध्यम से खाते से भी रुपये स्थानांतरित करा लिए। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने और भयभीत करने के लिए गोली चलाने का भी आरोप है।

इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर अनंत चंद्रशेखर के पर्यवेक्षण में सिकरारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ककोहिया-सोनपुरा जंगल से अनुज यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ सिकरारा थाने में दर्ज मामले के अलावा महाराजगंज थाने में भी एक मुकदमा दर्ज है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव